गुमला. नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष व पारदर्शी संचालन के लिए बुधवार को नगर भवन गुमला में मतगणना कर्मियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ. प्रशिक्षण में मतगणना कक्ष की व्यवस्था, टेबल मैनेजमेंट, प्रपत्रों की सही तरीके से प्रविष्टि, परिणाम संकलन व घोषणा की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गयी. मतगणना कर्मियों को संभावित आपत्तियों व पुनर्गणना की स्थिति में अपनायी जाने वाली विधि के संबंध में जानकारी दी गयी. प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया. उपायुक्त ने मतगणना कर्मियों से मतगणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर प्रश्न पूछ कर उनकी तैयारी व समझ का आकलन किया. उपायुक्त ने सभी कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतगणना कार्य निष्पादित करने का निर्देश देते हुए कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है. इस चरण में शत-प्रतिशत सतर्कता, पारदर्शिता व निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन अनिवार्य है. उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन गुमला निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी व विश्वसनीय बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है. प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसी शशिंद्र कुमार बड़ाइक, डीसीएलआर राजीव कुमार, चैनपुर एसडीओ पूर्णिमा कुमारी समेत सभी संबंधित निर्वाची पदाधिकारी व वरीय पदाधिकारी शामिल रहे. अधिकारियों ने कर्मियों को मतगणना कार्य पूर्ण निष्पक्षता, धैर्य व टीमवर्क के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन ने मतगणना दिवस पर सुरक्षा, अभ्यर्थियों व अभिकर्ताओं के लिए निर्धारित स्थान, मीडिया समन्वय, नियंत्रण कक्ष समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किये जायेंगे.
मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण : डीसी
नगर भवन गुमला में मतगणना कर्मियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
