गुमला. नगर भवन परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेला लगाया गया. सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चले मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीडीसी दिलेश्वर महतो व जिला नियोजन पदाधिकारी अनामिका तिर्की ने संयुक्त रूप से किया. डीडीसी ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को रोजगार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस तरह के आयोजनों का अधिक से अधिक लाभ उठायें और अपने कौशल के अनुसार रोजगार के अवसर प्राप्त करें. जिला नियोजन पदाधिकारी अनामिका तिर्की ने कहा कि इस तरह के रोजगार मेले प्रत्येक तीन माह में आयोजित किये जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें. युवाओं को बताया गया कि इन मेलों के माध्यम से न केवल गुमला बल्कि झारखंड और अन्य राज्यों में भी रोजगार के अवसर प्राप्त किये जा सकते हैं. रोजगार मेले में गुमला समेत झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों की कुल 14 कंपनियों ने भाग लिया. जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये. इस दौरान कुल 317 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी. कंपनियों द्वारा लिये गये साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद 187 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिनमें से अंतिम रूप से 87 युवक-युवतियों का चयन किया गया. कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने चयनित कुछ अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किया. मेले के सफल संचालन में यंग प्रोफेशनल रवि कुमार गहलोत, प्रवीण सुरीन, विजय लकड़ा, संदीप राम, कृष्णा राम, मंजुला लकड़ा, सीता कुमारी व शैलेंद्र साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
रोजगार मेला युवाओं को रोजगार से जोड़ने का सशक्त माध्यम : डीडीसी
नगर भवन परिसर में रोजगार मेला लगा
