सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक के क्रम में वृद्ध की मौत

सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक के क्रम में वृद्ध की मौत

गुमला. सदर थाना के कोटाम पतगच्छा गांव में अंधविश्वास व जागरूकता की कमी से 60 वर्षीय भीखवा उरांव की मौत हो गयी. घटना सोमवार की दोपहर एक बजे की है. भीखवा उरांव अपने घर के चूल्हे के पास छप्पर पर बसिला (लकड़ी काटने का सामान) को निकाल रहे थे. इस दौरान छप्पर में छिपे सांप ने डस लिया. शुरुआत में उन्होंने चूहा काटने की गलतफहमी में नजरअंदाज कर दिया और दोबारा हाथ बढ़ाया. इस पर सांप ने उन्हें फिर डस लिया. इसके बाद अस्पताल जाने के बजाय मृतक गांव के ही भगत के पास जाकर झाड़-फूंक करवाने लगा. घर वापस आने पर उसने घटना की जानकारी अपनी बड़ी पुतोह सुचिता देवी को दी. आनन फानन में सुचिता देवी उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गुमला लेकर पहुंची. लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सोसो मोड़ के समीप भीखवा उरांव ने दम तोड़ दिया. अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद कुमार ने शव का पंचनामा तैयार कर गवाहों के बयान दर्ज किया और प्राथमिक जांच में मृत्यु का कारण सर्पदंश स्पष्ट करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सड़क हादसे दो युवक घायल, एक गंभीर

बसिया. थाना क्षेत्र अंतर्गत लोटवा पतराटोली निवासी 21 वर्षीय सुमित मिंज सड़क दुर्घटना में घायल हो गये. सुमित अपने 20 वर्षीय मित्र अजय मिंज के साथ पालकोट घूमने गया था. वापस लौटने के क्रम में एक अज्ञात वाहन द्वारा ओवरटेक किये जाने के कारण उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी. हादसे में सुमित मिंज के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगी है. घटना के बाद लोगों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए कोनबीर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां सुमित की स्थिति को देखते हुए गुमला रेफर कर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >