सिसई में हाथी ने वृद्ध को कुचला, मौत

सिसई में हाथी ने वृद्ध को कुचला, मौत

सिसई. पुसो थाना के पुसो सरनाटोली गांव निवासी रवि महतो (60) को हाथी ने शुक्रवार की सुबह कुचल कर मौत के घाट उतार दिया. मौत के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि एक हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया है. बिछड़ा हाथी अकेले इधर-उधर भटक रहा है. वहीं रवि महतो शुक्रवार को अहले सुबह करीब चार बजे निजमा गांव जाने के लिए अपने घर से निकला था. उस समय अंधेरे जैसा माहौल था. अंधेरा होने के कारण रवि महतो हाथी को देख नहीं पाया और उसका हाथी से सामना हो गया. घटना स्थल पर हाथी के पांव के निशान है. मौके पर हाथी का मल भी पड़ा हुआ था और रवि महतो का शव बुरी तरह से कुचला पड़ा था. बताया जा रहा है कि सुबह तक हाथी को गांव में देखा गया. हाथी निजमा गांव की ओर से होते हुए जंगल में घुस गया. इधर घटना की सूचना थाना प्रभारी मोहम्मद जहांगीर खान को दी गयी. सूचना मिलते थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. थानेदार ने घटना की सूचना वन विभाग को दी. इसके बाद विभाग के कर्मी गांव पहुंचे. कर्मियों ने गांव का निरीक्षण किया. कर्मियों ने ग्रामीणों से सावधान रहने को अपील की है. इधर, मृतक रवि महतो के पुत्र दुर्गा महतो ने बताया कि उनके पिता सुबह घर से निकले थे, तभी हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से भगाने और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >