गुमला: गुमला शहर के रिहायशी इलाके डीएसपी रोड की जर्जर सड़क का अब नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए लघु सिंचाई विभाग (एमआई), गुमला ने ई-टेंडर जारी कर दिया है. करीब 1.27 करोड़ रुपए की लागत से यहां पीसीसी सड़क और आरसीसी ड्रेन का निर्माण कराया जाएगा. बारिश के कारण फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है. अगस्त माह में टेंडर फाइनल होने के बाद दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
डीएसपी रोड की खराब स्थिति को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं. सड़क की जर्जर हालत को लेकर मामला प्रमुखता से उठने के बाद नगर परिषद ने कुछ स्थानों पर आनन-फानन में मरम्मत कार्य कराया था. हालांकि, स्थानीय लोगों ने मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए थे. नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने भी मरम्मत कार्य की जांच कर गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई थी.
निर्माण कार्यों में विवाद के कारण नगर परिषद को नहीं मिली जिम्मेदारी
सड़क की स्थिति को देखते हुए जिले के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डीएसपी रोड के पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी लघु सिंचाई विभाग, गुमला को दी गई है. हालांकि यह सड़क नगर परिषद गुमला क्षेत्र के अंतर्गत आती है, लेकिन निर्माण कार्यों को लेकर पूर्व में उठे विवादों और आरोपों के कारण इसकी जिम्मेदारी नगर परिषद को नहीं दी गई.
नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव और उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर सड़क निर्माण की जिम्मेदारी नगर परिषद को सौंपने की मांग की है. उनका कहना है कि नगर परिषद क्षेत्र की सड़क होने के कारण निर्माण कार्य परिषद के माध्यम से कराया जाना चाहिए, ताकि गुणवत्ता बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सके.
दो चरणों में होगा निर्माण कार्य
डीएसपी रोड के निर्माण का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा. इसके लिए दो अलग-अलग टेंडर जारी किए गए हैं. लघु सिंचाई विभाग की ओर से कुल 1.27 करोड़ रुपए की लागत से आरसीसी ड्रेन और पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा.
पहले चरण में जशपुर रोड से मधुबन होटल तक सड़क के एक तरफ कवर सहित आरसीसी ड्रेन का निर्माण किया जाएगा. इस कार्य की अनुमानित लागत 61.36 लाख रुपए निर्धारित की गई है. वहीं, दूसरे चरण में मधुबन होटल से पालकोट रोड तक कवर सहित आरसीसी ड्रेन के साथ पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए 66.05 लाख रुपए की लागत तय की गई है.
