नशा समाज के लिए सबसे बड़ा अभिशाप : एसडीपीओ

गुमला को नशा व अपराध मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस की नयी रणनीति

गुमला. जिले को नशा व अपराध से मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस व जिला प्रशासन ने एक नयी और प्रभावी कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया है. इस रणनीति के तहत शहर के सभी प्रमुख इलाकों और मुहल्लों को अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है. प्रत्येक जोन में एक जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गयी है, जिन्हें अपने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों से नियमित समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है. इस क्रम में शुक्रवार को शहर के सिसई रोड स्थित भट्ठी तालाब के समीप एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, टोटो थाना प्रभारी कुंदन सिंह, एसआइ सुनील कुमार समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. बैठक के दौरान मुहल्ले के लोगों ने नशे से जुड़े व्यक्तियों, अवैध नशा कारोबारियों की गतिविधियों के साथ-साथ तेज रफ्तार बाइक चलाने, बुलेट बाइक में गोली जैसी आवाज करने वाले साइलेंसर, देर रात पटाखेबाजी और शांति भंग करने की घटनाओं की जानकारी साझा की. लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि नशा समाज के लिए सबसे बड़ा अभिशाप है, जो युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर ले जाता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस अब केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज के सहयोग से नशे की जड़ों तक पहुंचकर इसे समाप्त किया जायेगा. नशे का कारोबार करने या उसे संरक्षण देने वाले किसी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. एसडीपीओ ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, अवैध साइलेंसर और ट्रिपल राइड किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जायेगा. उन्होंने कहा कि सड़क पर कानून का पालन अनिवार्य है और नियम तोड़ने वालों को किसी सूरत में छोड़ा नहीं जायेगा. एसडीपीओ ने जोन प्रभारी एसआइ सुनील कुमार को सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये और आम नागरिकों से निडर होकर पुलिस को सूचना देने की अपील की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी. बैठक को पुलिस जन सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >