गुमला. स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग व सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज के तत्वावधान में नगर भवन में साथिया सम्मेलन सह स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह हुआ. इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि जिप अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, सीएस डॉ शंभूनाथ चौधरी, डीएस डॉ अनुपम किशोर समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथिया व स्वास्थ्य आरोग्य दूतों को सम्मानित किया गया. जिप अध्यक्ष ने कहा कि यह आयोजन आप सभी के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मान देने के लिए आयोजित किया गया है. उन्होंने साथिया व आरोग्य दूतों को समाज में निरंतर सक्रिय रह कर सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया. सीएस ने कहा कि यदि हम मानसिक रूप से स्वस्थ और संतुलित रहेंगे, तो हमारे निर्णय बेहतर होंगे और हम समाज व देश के विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे. सम्मेलन के दौरान साथिया व स्वास्थ्य आरोग्य दूतों ने अपने कार्यों व उससे समाज में आये सकारात्मक बदलावों के बारे में अपने अनुभव साझा किये. मौके पर रायडीह की किशोरियों ने जागरूकता नाटक का मंचन किया. कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम समन्वयक अभिनीत आनंद समेत अन्य मौजूद थे.
समाज में निरंतर सकारात्मक योगदान देते रहें : किरण बाड़ा
साथिया सम्मेलन सह स्वास्थ्य आरोग्य दूत सम्मान समारोह का आयोजन
