सिसई (गुमला): एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर रांची के तत्वावधान में 46 झारखंड बटालियन एनसीसी गुमला द्वारा बीएन जालान कॉलेज, सिसई में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया. 29 अगस्त से शुरू हुए शिविर में गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के करीब 500 एनसीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया.
प्रशिक्षण के साथ जागरूकता कार्यक्रम
शिविर के दौरान कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के लिए ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग, बाधा प्रशिक्षण, मानचित्र अध्ययन एवं शारीरिक प्रशिक्षण कराया गया. इसके अलावा गुमला जिला प्रशासन के समन्वय से अग्निशमन, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा के साथ टीबी मुक्त भारत और नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम एवं व्यावहारिक प्रदर्शन भी आयोजित किए गए.
500 कैडेटों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
देशव्यापी 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान के तहत सभी 500 कैडेटों को पौधे वितरित किये गये. कैडेटों ने पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.
ये भी पढ़ें- कार्तिक उरांव कॉलेज में सीट बढ़ाने, शिक्षकों की नियुक्ति और सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग
स्व. सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि
शिविर के दौरान झारखंड के कैबिनेट मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल पीबी शर्मा ने उनके साथ जुड़ी स्मृतियां साझा कीं. उन्होंने कहा कि स्व. सोनू का एनसीसी बिरादरी से गहरा जुड़ाव था और उन्होंने रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया था.
जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान
कैंप कमांडेंट ने कैडेटों से शिविर में सीखे अनुशासन, सत्यनिष्ठा और सेवा के मूल्यों को जीवन में उतारने तथा देश का जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया. उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के सफल एवं सुगम संचालन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, बीएन जालान कॉलेज के प्राचार्य और सभी कर्मियों के प्रति आभार जताया. समापन के बाद सभी कैडेट अपने-अपने शिक्षण संस्थानों के लिए रवाना हो गए.
ये भी पढ़ें- JPSC-JSSC CGL धांधली के खिलाफ BJP का आंदोलन, रांची में डीसी कार्यालय का घेराव
