गुमला: शादी घर में डीजे डांस को लेकर हंगामा, एक दर्जन घायल, तीन की हालत गंभीर

Gumla News: गुमला में शादी समारोह के दौरान डीजे डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस हिंसा में कई लोग घायल हुए. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: झारखंड के गुमला जिले में जहां एक ओर शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहीं अचानक माहौल चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गई. गुमला के रघुनाथपुर कोटेनसेरा गांव में बुधवार की रात एक शादी समारोह के दौरान डीजे डांस को लेकर ऐसा विवाद भड़का कि बारातियों ने लड़की पक्ष पर जानलेवा हमला बोल दिया. इस हिंसक झड़प में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

क्या है पूरा मामला?

कोटेनसेरा निवासी सुशीला कुमारी (पिता: बुधराम उरांव) की शादी बांकीर कुम्हारिया निवासी मंगल उरांव (पिता: गणेश उरांव) के साथ तय थी. दोपहर करीब 3 बजे बारात धूमधाम से गांव पहुंची और सभी रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो गईं. लेकिन रात करीब 7:30 बजे डीजे पर डांस को लेकर अचानक विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. 

पहले से सुलग रही थी चिंगारी 

ग्रामीणों के अनुसार, यह विवाद अचानक नहीं हुआ. बीते सोमवार को लड़की पक्ष के लोग लड़के के गांव गए थे, जहां हल्की कहासुनी हुई थी. आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद का बदला लेने के इरादे से बाराती पहले से ही आक्रोश में थे. इतना ही नहीं, कुछ ग्रामीणों का दावा है कि हमलावरों के पास हथियार भी थे और वे पहले से हमला करने की योजना बनाकर आए थे. 

अचानक हमला, मच गई अफरातफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारातियों ने अचानक लड़की पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया. लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से जमकर मारपीट की गई. इस हिंसा में घायल होने वालों में  तुला उरांव, सुकरा उरांव, अभिषेक गोप, संजू, रमेश उरांव, मंगलेश्वर उरांव, प्रेमचंद उरांव, राजीव उरांव समेत कई अन्य लोग शामिल है. इनमें तुला उरांव, अभिषेक गोप और सुकरा उरांव की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

घटना के बाद क्या हुआ? 

हमले के बाद बाराती मौके से फरार हो गए, जबकि दूल्हा लड़की के घर में ही रुका हुआ है। देर रात विदाई की तैयारी की जा रही थी, लेकिन पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. 

ग्रामीणों में उबाल, रातभर चली बैठक

घटना के विरोध में गांव के लोग मुरकुंडा मुखिया की अगुवाई में जुटे और देर रात तक पंचायत करते रहे. रात करीब 9:30 बजे तक बैठक जारी रही, जिसमें दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई. ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन देर रात तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई. 

यह भी पढ़ें: हजारीबाग: भीषण सड़क हादसे में एयर फोर्स के जवान की दर्दनाक मौत, हैदराबाद से बेटी को देखने आए थे गांव

यह भी पढ़ें: झारखंड ट्रेजरी स्कैम: 31.47 करोड़ की अवैध निकासी, DSP से लेकर सिपाही तक ने एक ही माह में 2-2 बार उठाया वेतन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >