गुमला: सदर प्रखंड के टोटो गांव में सोमवार को कुएं से 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान अर्जुन महली के रूप में हुई है. वह पेशे से किसान थे और स्नातक तक की शिक्षा प्राप्त की थी. उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं.
रविवार रात घर में किया था हंगामा
परिजन अच्छेमन मांझी के अनुसार, अर्जुन महली की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी. रविवार की रात उन्होंने घर में काफी हंगामा किया था. सोमवार सुबह करीब 5:00 बजे वह बिना बताये घर से निकल गए. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. इसी दौरान दोपहर करीब 2:00 बजे ग्रामीणों ने कुएं में शव को तैरते देखा और इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी. हैरान करने वाली बात यह थी कि मृतक की पीठ पर पत्थर बंधा हुआ था.
ये भी पढ़ें- नगर परिषद कथा : कामधेनु बनी गुमला बाजार टाड़ की सड़क ! जनता परेशान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की सूचना मिलते ही टोटो थाना प्रभारी कुंदन कुमार और एसआई गफ्फार अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
