गुमला: गुमला सदर थाना के करमटोली मार्ग पर गणेश मंदिर के समीप बीएड की छात्राओं से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. तेज रफ्तार ऑटो सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से जा टकराया और पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जहां उनका इलाज चल रहा है. घायलों में घाघरा की रहने वाली अंजलि कुमारी और कुसुम कुमारी को सबसे अधिक चोट लगी है. दोनों छात्राओं के पैर व शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आयी हैं. जिनका इलाज सदर अस्पताल में डॉक्टर असीम की देखरेख में चल रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएड फर्स्ट इयर की करीब आधा दर्जन छात्राएं जिला स्कूल में अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद सोमवार की दोपहर लगभग तीन बजे घर लौटने के लिये ऑटो में सवार होकर बस स्टैंड जा रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो के सामने अचानक बाइक सवार आ गया, जिससे यह दुर्घटना घटी.
