पालकोट. बागेसेरा पंचायत स्थित नवप्राथमिक विद्यालय हर्राटोली की समस्या से संबंधित प्रभात खबर में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद सोमवार को बीडीओ विजय उरांव ने विद्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण में पंचायत के मुखिया जिवाहन बड़ाइक भी थे. बीडीओ जब विद्यालय पहुंचे तो उन्होंने पाया कि विद्यालय में पारा शिक्षिका शकुंतला देवी आठ से 10 कक्षा के विद्यार्थियों को पढ़ा रहीं थी.
विद्यालय पहुंचने के बाद बीडीओ ने सर्वप्रथम विद्यार्थियों व शिक्षकों के उपस्थिति पंजी की जांच की. साथ ही नामांकित बच्चों की संख्या की जानकारी ली. शिक्षिका ने बताया कि विद्यालय में लगभग 40 बच्चे नामांकित हैं. बीडीओ ने नामांकन के विरुद्ध विद्यालय में मात्र 25 प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति पर चिंता जतायी.
उन्होंने शिक्षिका को विद्यालय में नामांकन के अनुसार शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. वहीं, विद्यालय के दूसरे पारा शिक्षक जतरू उरांव विद्यालय में उपस्थित नहीं थे. इस संबंध में बीडीओ ने उनकी हाजिरी काटते हुए शिक्षा विभाग से उनका किसी दूसरे विद्यालय में स्थानांतरण कराने की बात कही.
