अकीदत, कुर्बानी व भाईचारे के पैगाम के साथ मनी बकरीद

ईदगाह समेत शहर की सभी मस्जिदों में नमाज अदा कर मांगी गयी मुल्क में अमन-चैन की दुआ

गुमला. गुमला जिले में अमन की दुआओं के साथ बकरीद पर्व की नमाज अदा की गयी. शहर से लेकर गांवों तक सुबह से ही रौनक रही. नये परिधानों में सजे लोगों ने ईदगाह और शहर की 14 मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी. सुबह 5.30 से 8.15 बजे तक नमाज का सिलसिला चला, जिसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिल कर मुबारकवाद दी और मरहूमों की मगफिरत के लिए कब्रिस्तानों में दुआ की. घरों में पकवानों के बीच बच्चों व युवाओं में उत्साह दिखा. बकरीद को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस सतर्क रही. संवेदनशील इलाकों में कड़े इंतजाम थे. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, प्रभारी थाना प्रभारी विनय कुमार, एसआइ गौतम वर्मा, बबीता कुमारी, राकेश कुमार व मुनेश तिवारी लगातार गश्त करते रहे. एसपी हारिश बिन जमां ने स्वयं मक्का मस्जिद पहुंच कर नमाज अदा कर लोगों को बधाई दी. कई जगहों पर स्थानीय समाजसेवियों ने पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया.

बकरीद इंसानियत और कुर्बानी का पर्व

मक्का मस्जिद में कारी शोएब ने इमामत करते हुए हजरत इब्राहिम व हजरत इस्माइल की कुर्बानी का जिक्र किया. कहा कि यह पर्व इंसान को त्याग, सब्र, इंसानियत, अल्लाह पर भरोसा रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख देता है.

त्याग व सामाजिक समरसता का संदेश देता है यह पर्व

एसपी हारिश बिन जमा ने बकरीद को मुबारकवाद देते हुए कहा कि यह पर्व त्याग व सामाजिक समरसता का संदेश देता है. उन्होंने लोगों से प्रेम व सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन हर स्थिति में सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है. कहा कि समाज में शांति व सद्भाव कायम रखने में आमलोगों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है. बकरीद हमें इंसानियत, सहयोग व एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने की सीख देती है.

इन मस्जिदों में अदा की गयी नमाज

फैजान-ए-रजा में मौलाना अशरफ रजा, मदरसा फैज-ए-आम में हाफिज रूस्तम, मस्जिद रजा-ए-मुस्तफा में साकिर रजा नूरी, मस्जिद-ए-होदा में कारी आफताब, मस्जिद गौशुलवरा में हाफिज सद्दाम हुसैन और गौसिया मोती मस्जिद में हाफिज जाहिद रजा की अगुवाई में नमाज संपन्न हुई. कादरिया मस्जिद में मुफ्ती कासीद रजा नइमी, मस्जिद रजा-ए-हबीब में मो तनवीरूल हसन, मक्का मस्जिद में कारी शोएब, बाबा अजमेरी मस्जिद (अरमइ शरीफ) में सैय्यद गुलाम नूर जिलानी चिश्ती, मदीना मस्जिद में मुफ्ती जमशेद, मस्जिद-ए-जैनब में कारी मसीउद्दीन तथा जामा मस्जिद में हाफिज इरशाद ने नमाज अदा करायी. साथ ही ईदगाह में इमाम रब्बानी साहब की इमामत में नमाज संपन्न हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >