चैनपुर. थाना क्षेत्र के भटोली गांव में डायन बिसाही के अंधविश्वास में बुजुर्ग महिला शांति देवी की हत्या मामले में पुलिस ने एक और आरोपी बिट्टू रौतिया (38) को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है. बताते चले कि 20 जनवरी 2026 को शांति देवी की डायन बिसाही के आरोप में पत्थर से कूच कर हत्या कर दी गयी थी. मामले में मृतिका की बहु बिंदिया कुमारी ने चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसके बाद हत्या के आरोप में चैनपुर पुलिस द्वारा पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. इस क्रम में ग्रामीणों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बिट्टू रौतिया को गिरफ्तार किया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में बिट्टू ने हत्या में अपनी संलिप्ता स्वीकार की. उसे जेल भेज दिया गया है.
तीन वाहनों से बैट्री चोरी, थाना में की शिकायत
सिसई. थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन वाहनों की बैट्री चोरी करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित भदौली गांव निवासी उमेश गोप ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध केस दर्ज कराया है. दर्ज केस में कहा गया है कि प्रतिदिन की तरह वह अपना दो जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को ब्लॉक मैदान में गत आठ फरवरी को खड़ा किया था. सुबह वाहन चालू करने के लिए गया, तो तीनों वाहन की बैट्री गायब थी. वाहन के बैट्री बॉक्स का कुंडी टूटा हुआ था. उमेश ने पुलिस से चोरों को पकड़ने व बैट्री बरामद करने की गुहार लगायी है.
