गुमला. उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल गुमला में रविवार को झारखंड सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में खेलो इंडिया सॉफ्ट टेनिस विमेंस लीग 2026 का आयोजन हुआ. प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. सब-जूनियर वर्ग में प्रिया तिर्की ने प्रथम, सोनाली टोप्पो ने द्वितीय तथा प्रीति कुमारी और शनजना तिग्गा ने तृतीय स्थान हासिल किया. जूनियर वर्ग में अनिशा कुमारी प्रथम, मेरीतम्मना तिर्की द्वितीय तथा अस्मिता टेटे और अनुष्का किरो तृतीय रहीं. वहीं, सीनियर वर्ग में अंजलि कुमारी ने प्रथम, अनिशा लकड़ा ने द्वितीय तथा दुर्गे कुजूर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, प्रधानाध्यापक सिस्टर अनीता ज्योति और सिस्टर निर्मला मौजूद रहीं. प्रतियोगिता को सफल बनाने में एम्पायर खुशबू कुमारी, साक्षी कुमारी, करण तिग्गा, विकास टोप्पो, आदित्य कुजूर और मनीष धान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. झारखंड सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन के महासचिव डॉ. प्रमोद कुमार ठाकुर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
