गुमला. सदर थाना के गुमला व सिमडेगा मार्ग पर स्थित टैसरा मोड़ स्थित वीर शहीद संतोष गोप की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. प्रतिमा में लगी बंदूक तोड़ दिया. साथ ही सुरक्षा के लिए लगाये गये स्टील के दरवाजे को उखाड़कर ले गये. इस घटना पर अहीर सेना झारखंड ने कड़ा आक्रोश जताया है.
संगठन के अध्यक्ष रामलखन गोप एवं सचिव देवनारायण गोप ने संयुक्त बयान जारी कर घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीद की प्रतिमा का अपमान पूरे समाज और देश के सम्मान से जुड़ा मामला है.
उन्होंने पुलिस-प्रशासन से 48 घंटे के भीतर जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. साथ ही टैसेरा मोड़ एवं स्मारक स्थल पर हाई रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने, क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराने तथा जिले के शहीद स्मारकों की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. अहीर सेना के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई नहीं की तो संगठन राज्यव्यापी आंदोलन और सड़क पर उतरने को बाध्य होगा.
