गुमला. गुमला नगरपालिका क्षेत्र में घरेलू गैस आपूर्ति में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ राजीव नीरज की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में नगर क्षेत्र के तीनों गैस वितरक मां शेरावाली इंडेन गैस, लाल परी इंडेन गैस और भारत गैस गुमला के प्रतिनिधि शामिल हुए. वितरकों ने बताया कि गैस गोदामों पर सुबह चार बजे से ही लोगों की भीड़ जुटने से होम डिलीवरी व्यवस्था बाधित हो रही है. इस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने थाना प्रभारी को गोदामों के पास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और डिलीवरी वाहनों के निर्बाध संचालन के निर्देश दिये. बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ परिवार एक से अधिक गैस कनेक्शन रख कर जमाखोरी कर रहे हैं. इस पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया है, जो औचक निरीक्षण कर जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगायेगा. निर्देश दिया गया कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले बुकिंग करायी है, उन्हें प्राथमिकता दी जाये. साथ ही ई-केवाइसी पूरा कर चुके उपभोक्ताओं को भी गैस आपूर्ति में वरीयता दी जायेगी. गैस एजेंसियों को स्थानीय वार्ड सदस्यों के साथ समन्वय बना कर होम डिलीवरी व्यवस्था को अधिक सुगम व प्रभावी बनाने के निर्देश दिये गये. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग से बचें, अनावश्यक गैस का भंडारण न करें और गोदामों के पास भीड़ न लगाये, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके. बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
घरेलू गैस आपूर्ति सुधारने के लिए प्रशासन सख्त, जमाखोरी करनेवालों पर होगी कार्रवाई
एसडीओ ने बैठक कर एजेंसियों को दिये होम डिलीवरी सुदृढ़ करने का निर्देश
