गुमला. जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और बढ़ते जान-माल के नुकसान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करने के कई फैसले लिए गये. उपायुक्त ने साफ कहा कि अब सिर्फ जागरूकता से काम नहीं चलेगा, बल्कि भारी जुर्माना व सख्त कानूनी कार्रवाई के जरिये नियमों का पालन कराया जायेगा. बैठक में निर्णय लिया गया कि दोपहिया वाहन चालक यदि बिना हेलमेट पकड़े गये, तो चालान के साथ उनका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जायेगा. पिलियन राइडर के लिए भी जुर्माना अनिवार्य होगा. जिले के सभी पेट्रोल पंपों को निर्देश दिया गया है कि बिना हेलमेट वाहन चालकों को ईंधन नहीं दें. स्टंट करने वाले बाइक चालकों व मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट के खिलाफ वाहन जब्ती और लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जायेगी. ऐसे हुड़दंगियों की पहचान के लिए रोड सेफ्टी मित्र सोशल मीडिया वीडियो के माध्यम से पुलिस को सूचना देंगे. कृषि कार्य की आड़ में व्यावसायिक उपयोग हो रहे और बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों को सीधे जब्त किया जायेगा. मोटरसाइकिल, ट्रक, बस और पिकअप वैन में लगी आंखें चौंधियाने वाली ब्लाइंडिंग एलइडी लाइट्स मौके पर ही उतरवाकर नष्ट की जायेंगी. कमर्शियल वाहनों में स्पीड गवर्नर की भौतिक जांच होगी. किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पाये जाने पर वाहन का परमिट रद्द कर दिया जायेगा. गलत दिशा में वाहन चलाने वालों से जुर्माना वसूलने के साथ-साथ दो घंटे की अनिवार्य रोड सेफ्टी क्लास करायी जायेगी. शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ जांच अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया गया. साइकिल, सरिया लदे वाहन और सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर रेडियम स्टीकर व टेप लगाये जायेंगे, ताकि रात में दुर्घटनाओं को रोका जा सके. बैठक में बताया गया कि जनवरी माह में सड़क दुर्घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जो प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उर्मी बाइपास से अतिक्रमण हटाने का निर्देश उपायुक्त ने उर्मी बाइपास से तत्काल अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश दिया. बताया गया कि एक माह पूर्व भी आदेश जारी किया गया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से चौराहे पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. इसके अलावा बसिया के देवी गुड़ी मोड़ के तीखे मोड़ को 15 दिनों में चौड़ा करने, नागफेनी पुल के पास रफ्तार नियंत्रण के उपाय करने तथा ग्राम जुरा व कुसुम्बाहा मोड़ के पुराने खतरनाक कट बंद कर नये मीडियन कट बनाने का आदेश दिया गया है. सभी कार्यों को 28 फरवरी तक पूरा करने का सख्त निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया.
सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त
समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक
