नशे में धुत युवक ने थानेदार का कॉलर पकड़ा, छुड़ाने में गिर कर हुआ घायल

शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम, युवक ने मारपीट का लगाया आरोप

रायडीह. रायडीह प्रखंड के गिंजनडाड़ गांव में शराब के नशे में एक युवक द्वारा सुरसांग थानेदार का कॉलर पकड़ने का मामला सामने आया है. घटना के दौरान पुलिस जवानों ने हस्तक्षेप कर थानेदार को छुड़ाने का प्रयास किया, इस क्रम में युवक गिर पड़ा और उसे गंभीर चोट लग गयी. परिजनों ने घायल युवक को गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. घायल युवक का आरोप है कि पुलिस उसके घर पहुंची और उसके साथ मारपीट की गयी. वहीं पुलिस का कहना है कि युवक नशे में था और बार-बार पुलिस से उलझ रहा था. समझाने और थानेदार का कॉलर छुड़ाने के दौरान वह असंतुलित होकर गिर गया, जिससे उसे चोट लगी. इस संबंध में सुरसांग थाना प्रभारी अनिकेत कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि सुरसांग थाना क्षेत्र के गिंजनडाड़ गांव में बड़े पैमाने पर शराब की बिक्री हो रही है और गांव में बाहरी लोगों की अड्डेबाजी बढ़ गयी है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों को शराब नहीं बनाने और बेचने के प्रति जागरूक किया जा रहा था. ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गांव के प्रेमजीत सोरेंग के घर में अधिक मात्रा में शराब बनायी जाती है और वहां रोज लोगों की भीड़ लगती है. इसके बाद पुलिस टीम प्रेमजीत सोरेंग के घर पहुंची और समझाने का प्रयास किया. थाना प्रभारी के अनुसार उस समय प्रेमजीत सोरेंग नशे में था और बातचीत के दौरान उसने थाना प्रभारी की वर्दी पकड़ ली. पुलिस बल ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया, इस दौरान वह गिर कर घायल हो गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >