गुलमा. झारखंड के गुमला जिले में सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गये और उसमें सवार बच्चों व बुजुर्गों समेत 12 लोग घायल हो गये. घायलों में श्वेता उरांव (17), होलिका कुमारी (15), संजू उरांव (25), गहन झोरा (35), सुखन उरांव (60), स्नेहा कुमारी (5), पूजा कुमारी (13), छोटी देवी (26), आयुष उरांव (15), नितिक्षा कुमारी (1.5 वर्ष), काजल कुमारी और प्रेम मोहन उरांव (60) शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, कोंडराटोली (गुमला) और सिसई के नागफेनी गांव के ग्रामीण बोलेरो से पालकोट के सुंदरपुर गांव बारात में गये थे. रात करीब 10 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी ओबीरा गांव लौट रहे थे. मध्यरात्रि करीब 12 बजे बंगरू मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने बोलेरो को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. हादसे में हुंडराटोली निवासी पांच वर्षीय स्नेहा कुमारी और 13 वर्षीय पूजा कुमारी की हालत गंभीर बतायी जा रही है. चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया है. घटना की सूचना मिलते पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने फरार होने की कोशिश कर रहे ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ट्रेलर व बोलेरो की टक्कर में एक दर्जन लोग घायल
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी, दो बच्चियों की हालत गंभीर, रांची रेफर
