गुमला : शहर में एक बार फिर अपराधी व उग्रवादी बेलगाम हो गये हैं. रंगदारी व लेवी मांगने की घटना बढ़ गयी है. लेवी नहीं देने पर जान से मारने की भी धमकी दी जा रही है.
यहां तक कि फोन पर धमकी देने के अलावा घरों में परचा भी फेंका जा रहा है. दुकान भी बंद करने की चेतावनी मिल रही है. सबसे ज्यादा त्रस्त छोटे व मध्यम वर्ग के व्यवसायी हैं, जो छोटी पूंजी में दुकान चला रहे हैं. यहां डर का आलम यह है कि कई व्यापारी जान के डर से लेवी भी दे दिये हैं.
यहां तक कि मोबाइल से मैसेज भेज कर भी अपराधी लेवी की मांग कर रहे हैं. शहर के एक ठेकेदार के मोबाइल में मैसेज आया है. जिसमें पांच लाख रंगदारी मांगी गयी है. शहर के एक व्यवसायी के घर में बुधवार को परचा फेंका गया है. व्यवसायी के अनुसार तीन दिन से परचा फेंका रहा है. जिससे वह डरा हुआ है.
पुलिस को जानकारी नहीं देने की धमकी मिल रही है. जिस प्रकार अपराधी व उग्रवादी बेलगाम हो रहे हैं. अगर इस पर नकेल नहीं कसा गया तो लोग डर से जीते रहेंगे. सबसे चौंकाने वाली बात कि यहां अपराधी संगठन आपस में भी लड़ रहे हैं. इस लड़ाई में व्यापारी परेशान हैं. कई गुटों में बंटे अपराधी व उग्रवादी अलग-अलग लेवी व रंगदारी मांग रहे हैं. हालांकि गुमला एसपी भीमसेन टुटी क्राइम रोकने में लगे हुए हैं. अभी हाल में कई क्रिमीनल को जेल भेजा गया है. लेकिन एक को जेल भेजने के बाद दूसरा पैदा हो जा रहा है.
सबसे बड़ी बात कि यहां जितना भी लेवी व रंगदारी मांगा जा रहा है. इसमें शहरी क्षेत्र के ही युवक हैं, जो क्राइम कर रहे हैं. सिसई रोड, चेटर, सरना टोली, करमटोली मुहल्ले के कई युवक हैं, जो क्रिमीनल बन लोगों को डरा धमका रहे हैं.
