रिमांड होम अधीक्षक व प्रशिक्षु आइएएस ने की जांच
गुमला : पानी, बिजली और पंखा की मांग को लेकर रिमांड होम के बाल बंदियों की भूख हड़ताल खत्म हो गया है. रिमांड होम अधीक्षिका मनीषा वत्स व प्रशिक्षु आइएएस सूरज कुमार ने बाल बंदियों से बात कर हड़ताल को खत्म कराया. जो मांग रखी गयी थी, उसे दूर करने का वादा किया गया.
तत्काल में पंखा की समस्या को दूर कर दिया गया है. जिस-जिस कमरे में पंखा की जरूरत थी, वहां पंखा लगा दिया गया है. बाल बंदियों की हड़ताल के दौरान वरीय अधिकारियों ने रिमांड होम का निरीक्षण भी किया.
निरीक्षण में बाल बंदियों के वार्ड से बेड पर रखा तीन मोबाइल मिला है. जिसे अधीक्षिका ने जब्त कर लिया है. मोबाइल किसका है. यह पता नहीं चला है. अज्ञात पर मामला दर्ज किया जायेगा. वहीं अधिकारियों ने बाल बंदियों को अनुशासन का भी पाठ पढ़ाया है. रिमांड होम में पानी, बिजली व पंखा की समस्या थी. इन समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर बाल बंदी बुधवार की सुबह से भूख हड़ताल पर बैठ गये. इसकी जानकारी मिलती ही देर शाम को अधिकारी पहुंचे. इसके बाद भूख हड़ताल को खत्म कराया. जब अधिकारी पहुंचे तो बाल बंदियों ने हंगामा भी किया. इस पर अधिकारी कड़ा रुख अपनाया तो बंदी शांत हुए.
दीवार पर लग रहा लोहे की जाली
अक्सर बाल बंदी रिमांड होम से भागते रहते हैं. इस समस्या को देखते हुए दीवार पर लोहे की जाली लगायी जा रही है. वहीं रिमांड होम में कई स्थानों पर छेद है. जहां से बंदी भाग जाते हैं. छेद को भी मरम्मत कर दिया गया है. रिमांड होम में अलग से नया किचन रूम बन रहा है.
