कामडारा. प्रखंड अंतर्गत रेड़वा पंचायत के हापू गांव में गरमी की दस्तक के साथ ही पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गयी है. पेयजल के लिए हापू गांव के लोगों को दो किमी से पांच किमी तक की दूरी तय करनी पड़ रही है. गांव में 14 चापानल है, जो कई महीनों से खराब है.
जिसके कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है. गांव की आबादी 1500 है. गांव में पांच कुआं है. गरमी की शुरुआत के साथ ही कुआं का जलस्तर सूखने लगा है. कुआं में बचा पानी भी दूषित हो गया है. ग्रामीण लक्ष्मीनाथ सिंह ने कहा कि पानी नहीं है. परेशानी हो रही है. मुखिया व वार्ड सदस्य भी इस पर कोई पहल नहीं करते हैं. मनोज साहू ने कहा कि चापानल मरम्मत के लिए पीएचइडी व प्रखंड प्रशासन से भी गुहार लगायी गयी थी. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी.
बिजला महतो ने कहा कि पेयजल के संबंध में स्पीकर दिनेश उरांव को मामले की जानकारी दे दी गयी है. लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं की गयी है. सुबोध नाग, बिरधन नाग व दीपक कुमार ने कहा कि अगर प्रखंड प्रशासन व विधायक द्वारा पेयजल की समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो ग्रामीण चरणबद्ध आंदोलन करेंगे. जिसकी सारी जवाबदेही प्रखंड प्रशासन व सरकार की होगी.
