गुमला : नगर पंचायत के मलिन बस्ती आवास योजना (आइएसडीपी) के लाभुकों के सत्यापन का काम शुरू हो गया है. प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक विजय कुमार गोप व नगर पंचायत के प्रभारी सहायक कपिल देव उरांव लाभुकों के यहां डोर टू डोर विजिट कर सत्यापन का काम कर रहे हैं. इस दौरान संबंधित वार्ड के वार्ड पार्षद भी सत्यापन में सहायता कर रहे हैं. गुरुवार को पदाधिकारियों ने वार्ड पार्षद जेराल्ड संजय बाड़ा की उपस्थिति में वार्ड नंबर 10 के लाभुकों का सत्यापन किया.
श्री गोप ने बताया कि गुमला नगर पंचायत में योजना के तहत कुल 341 लाभुक हैं. लाभुकों के जमीन के कागजात, मकान की स्थिति, माली हालत आदि के बारे में रिपोर्ट तैयार किया जा रहा है. यहां बता दें कि सत्यापन में देरी होने से पैसा लैप्स होने का डर है. इस समाचार को प्रभात खबर ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया. इसके बाद अधिकारी हरकत में आये और सत्यापन का काम शुरू किया है.
