बेतला : पलामू टाइगर रिजर्व के बेतला प्रक्षेत्र में चतुरबथवा वाटर हॉल के समीप गुरुवार की रात बाघ देखा गया. वन विभाग द्वारा लगाये गये कैमरा ट्रेप में इसकी तसवीर कैद कर ली गयी है. गुरुवार की रात करीब 10 बजे उक्त फोटो को कैमरा ट्रेप द्वारा लिया गया है. करीब दो माह पहले भी बाघ को कैमरा ट्रेप में देखा गया था. साथ ही बेतला पार्क घूमनेवाले पर्यटकों को भी बाघ दिखा था. इस बार जो तसवीर ली गयी है. वह काफीस्पष्ट है.
बाघ देखने से युवा व स्वस्थ है. कोर एरिया के डीएफओ प्रेमजीत आनंद ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पलामू टाइगर रिजर्व में बाघ की संख्या आज भी पर्याप्त है. बाघ की जो तसवीर कैमरा ट्रेप में ली गयी है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि इस क्षेत्र में बाघ है.
कैमरा ट्रेप लगाये गये हैं
पलामू टाइगर रिजर्व के कोर व बफर एरिया में बाघ की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के लिए न केवल टाइगर ट्रेकर की बहाली की गयी है, बल्कि जगह-जगह पर कैमरा ट्रेप लगाया गया है. स्वचालित इस कैमरा से बाघ की तसवीर पूर्व में भी ली गयी थी. आशंका व्यक्त की जा रही थी कि बाघ का पलायन हो गया है, लेकिन अब बाघ मिलने से वन कर्मियों में हर्ष है.
