छापेमारी अभियान में 27 लीटर अवैध शराब जब्त

छापेमारी अभियान में 27 लीटर अवैध शराब जब्त

गुमला. जिले में आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया. उपायुक्त के निर्देश व अधीक्षक उत्पाद गुमला के मार्गदर्शन में चैनपुर थाना क्षेत्र में सघन कार्रवाई की गयी. अभियान के तहत जमगाई गांव, चैनपुर बाजारटांड़ और जामटोली मोड़ क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने तलाशी अभियान चला कर 27 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की. साथ ही महुआ से तैयार किये जा रहे जावा (कच्चा शराब मिश्रण) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. टीम ने अवैध निर्माण स्थलों को ध्वस्त करते हुए शराब बनाने की सामग्री बरामद की. छापेमारी दल का नेतृत्व अवर निरीक्षक उत्पाद प्रदीप करमाली ने किया. उनके साथ उत्पाद चलंत दल एवं प्रतिनियुक्त गृह रक्षकों की टीम मौजूद रही. संयुक्त कार्रवाई के दौरान छह मामले दर्ज किये गये और संबंधित आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू की गयी. विभाग का कहना है कि होली जैसे त्योहारों के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की आशंका बढ़ जाती है, जिससे जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. इसको देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा. उत्पाद विभाग ने आमलोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री की सूचना तुरंत विभाग को दें. सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जायेगी. विभाग ने स्पष्ट किया है कि लोक स्वास्थ्य की सुरक्षा और नशामुक्त समाज के उद्देश्य से ऐसी कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >