गुमला के 18 बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी, उपायुक्त की समीक्षा बैठक में कई अहम फैसले

Gumla News: गुमला में 18 बालू घाटों की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया पूरी हो गयी है. उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने बीडीओ को ग्राम सभा की प्रक्रिया जल्द पूरी कर आगे की कार्रवाई का निर्देश दिया. बैठक में अवैध खनन, सड़क सुरक्षा, कारा सुरक्षा और मादक पदार्थों की रोकथाम की भी समीक्षा की गयी. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: गुमला समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (खनन), एनसीओआरडी, सड़क सुरक्षा और कारा सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर नियंत्रण, मादक पदार्थों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी.

अवैध बालू खनन रोकने के लिए नियमित छापेमारी का निर्देश

जिला टास्क फोर्स (खनन) की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा लगाये गये प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के बावजूद संभावित बालू घाटों और नदी क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अवैध बालू उत्खनन और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगायी जानी चाहिए. उपायुक्त ने पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में जिला टास्क फोर्स द्वारा संयुक्त निरीक्षण और कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया.

18 बालू घाटों की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया हुई पूरी

बैठक में जानकारी दी गयी कि जिले के कैटेगरी-11 के 18 बालू घाटों की एक इकाई की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है और इसके लिए सैद्धांतिक सहमति भी प्रदान कर दी गयी है. इस पर उपायुक्त ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को ग्राम सभा की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाये, ताकि जिले में बालू की उपलब्धता की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके.

खनिज परिवहन और खदानों की निगरानी के निर्देश

उपायुक्त ने खनिज परिवहन में लगे वाहनों के चालान, ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि खनिजों का परिवहन तिरपाल से ढंककर किया जाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाये. इसके अलावा वृहत खनिज (बॉक्साइट) और लघु खनिज (पत्थर) क्षेत्रों में समाप्त हो चुके खनन पट्टों तथा चालू पट्टाक्षेत्र से बाहर होने वाले अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया. खनन पट्टों और क्रशर इकाइयों की नियमित जांच कर बाउंड्री पिलर, साइन बोर्ड, क्रशर कवरिंग और अन्य वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन का भी निर्देश दिया गया.

मादक पदार्थों के खिलाफ चलाया जायेगा अभियान

एनसीओआरडी की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ व्यापक जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले के बाहर से आने वाले नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा. प्रशासन का मानना है कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए जनजागरूकता और सख्त निगरानी दोनों जरूरी हैं. आखिर अपराध और नशे का कारोबार कभी सरकारी कैलेंडर देखकर छुट्टी नहीं मनाता.

मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

कारा सुरक्षा की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मंडल कारा के नवनिर्मित भवनों को शीघ्र हैंडओवर कराने का निर्देश दिया. उन्होंने विस्तारित कारा खंड में बंदियों को स्थानांतरित करने से पहले सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रिक फेंसिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा. इसके साथ ही मंडल कारा का समग्र सुरक्षा ऑडिट कराने का भी निर्णय लिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके.

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने पर जोर

सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक जनजागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया. बैठक में गुमला-पलमा रोड और पटेल चौक से चंदाली तक सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-78 के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में हाई मास्क लाइट लगाने तथा ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों पर साइनेज और रोड लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

इसे भी पढ़ें: टंडवा के चंद्रगुप्त कोल परियोजना से कोयले का डिस्पेच शुरू, सीसीएल ने ली राहत की सांस

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर समाहर्ता राजीव नीरज समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. समीक्षा के दौरान प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये, जिनका उद्देश्य जिले में खनन व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, कारा सुरक्षा और नशा नियंत्रण को और प्रभावी बनाना है.

इसे भी पढ़ें: रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने में झारखंड फिसड्डी, गुजरात पहले पायदान पर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >