बैंक लोगों को लोन देने में फिसड्डी
लक्ष्य के लिए ईमानदारी से काम करने का निर्देश.
गुमला :जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीएलसीसी) गुमला की बैठक शनिवार को विकास भवन सभागार में हुई. अध्यक्षता गुमला उपायुक्त शशि रंजन ने की. बैठक में उपायुक्त ने सीडी रेसियो, क्रॉप लोन, डेयरी लोन, पॉल्ट्री लोन, मत्स्य उत्पादन के लिए लोन, पीएमइजीपी लोन सहित अन्य लोन की स्थिति की समीक्षा की. सीडी रेसियो दिन-ब-दिन कम होने पर उपायुक्त ने चिंता जाहिर की.
साथ ही सबसे कम सीडी रेसियो वाले बैंक के प्रतिनिधि को उपायुक्त ने फटकार लगायी. इसी प्रकार बैंकों द्वारा लोगों को अन्य लोन मुहैया कराये जाने में फिसड्डी होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जतायी.
उपायुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2019-20 के लक्ष्य को पाने के लिए ईमानदारी से काम करें. लोगों को उनकी जरूरत के हिसाब से लोन उपलब्ध करायें. लोगों को समय पर लोन नहीं मिल पाने के कारण वे अपने व्यवसाय में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं.
उपायुक्त ने कहा कि बैंक यहां सिर्फ अपना बिजनेस नहीं करें, बल्कि लोगों की समस्या को देखते हुए उन्हें लोन भी उपलब्ध करायें. जिस-जिस बैंक को लोन देने के लिए जो लक्ष्य दिया गया है, बैंक उस लक्ष्य को पूरा करें. वहीं एलडीएम एसके साय ने कहा कि सभी बैंकों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने की जरूरत है, ताकि इस वित्तीय वर्ष में लोन आदि के लिए लक्ष्य पूर्ति की जा सके.
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ए टोपनो ने कहा कि पीएमइजीपी लोन के मामले में 72 लक्ष्य के विरुद्ध अब तक महज 20 ही पूरा किया गया है, जो चिंता का विषय है. लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में काम करें. बैठक में उपविकास आयुक्त हरिकुमार केसरी, डीआरडीए निदेशक मोहम्मद हैदर अली, नाबार्ड के डीडीएम सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
