गुमला : पुलिस को चकमा देकर हाजत से दो वारंटी फरार, पुलिस पर गायब करने का आरोप

दुर्जय पासवान, गुमला गुमला सदर थाना के हाजत से रविवार की सुबह 7.30 बजे दो वारंटी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये. दोनों वारंटी भलदमचट्टी निवासी शिबू गोप व राज किशोर गोप हैं. ये दोनों गुमला एसटी/एससी कांड संख्या 01/19 के आरोपी हैं. पुलिस ने शनिवार की रात को दोनों आरोपियों को उनके घर […]

दुर्जय पासवान, गुमला

गुमला सदर थाना के हाजत से रविवार की सुबह 7.30 बजे दो वारंटी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये. दोनों वारंटी भलदमचट्टी निवासी शिबू गोप व राज किशोर गोप हैं. ये दोनों गुमला एसटी/एससी कांड संख्या 01/19 के आरोपी हैं. पुलिस ने शनिवार की रात को दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर गुमला थाना में बंद किया था. रविवार को दोनों को जेल भेजना था. परंतु एक दूसरे बीमार आरोपी को हाजत से निकालने के दौरान शिबू व राजकिशोर भी हाजत से निकल गये और भाग गये.

इस प्रकार गायब हुए आरोपी

गुमला न्यायालय द्वारा निर्गत एसटी/एससी कांड संख्या 01/19 के वारंट पर इस केस के आरोपी शिबू गोप, मुकेश गोप, कुलदीप गोप, लहरू गोप, अमित गोप, संजोग गोप, रूपेश गोप व राजकिशोर गोप को शनिवार की रात्रि तीन बजे गिरफ्तार कर गुमला थाना के हाजत में बंद किया गया था. रविवार की सुबह 7.30 में वांरटी कुलदीप गोप की तबीयत बिगड़ने लगी. इस दौरान कुलदीप बेहोश हो गया.

आनन-फानन में पुलिस के द्वारा अन्य कैदियों के सहयोग से कुलदीप गोप को हाजत से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया. इस दौरान वारंटी की गिनती करने के दौरान शिबू गोप व राजकिशोर गायब मिले.

पुलिस अधिकारी पर पति को गायब करने का लगाया आरोप

इधर, सोसो मोड़ भलदम चट्टी की सुकरमुनी देवी ने गुमला थाना के पुअनि तपेश्वर बैठा द्वारा उनके पति शिबु गोप को शनिवार की रात में गिरफ्तार कर मारपीट कर रातभर थाना हाजत में बंद कर रखने व रविवार को गायब करने का आरोप लगाया है. इस संबंध सुकरमुनी ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर कारवाई की मांग की है. पत्र की प्रति पुलिस अधीक्षक गुमला को भी भेजी गयी है.

पुअनि द्वारा एसटी/एससी केस मामले में शिबु गोप समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर थाना हाजत में बंद किया गया था. जिसमें छह लोगों को जेल भेजा गया. एक (कुलदीप गोप) की तबीयत खराब हुई है. जिसे आनन फानन में गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. लेकिन शिबू गोप गायब है.

थाना प्रभारी शंकर ठाकुर ने कहा कि हाजत में बंद एक आरोपी की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों वारंटी शिबू गोप व राज किशोर गोप भाग निकले हैं. इन दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी. इनकी धर-पकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >