गुमला : गुमला शहरी जलापूर्ति योजना फेज टू का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है. जबकि नगर पंचायत ने पीएचइडी विभाग को जलापूर्ति के लिये पैसा हैंड ओवर कर दिया है. पैसा लेने के बाद भी काम धीरे हो रहा है और शहर के कुछ ही इलाकों में अभी तक पाइप लाइन बिछाया गया है. यही वजह है कि शहर की आधी आबादी आज भी सप्लाई पानी से वंचित है.
पीएचइडी विभाग के कार्य से नगर पंचायत के वार्ड पार्षद नाराज हैं. वार्ड पार्षद सीता देवी व हेमलता देवी ने कहा है कि पेयजल विभाग की लापरवाही के कारण शहर के लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. अभी तक काम पूरा हो जाना चाहिए था. लेकिन पूरा नहीं हुआ है. वार्ड पार्षद शैल मिश्र ने कहा कि कई मोहल्ले ड्राई जोन है. पाइप लाइन भी बिछाया नहीं गया है. जिससे लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी हो रही है. विभाग जलापूर्ति योजना का काम जल्द पूरा करे.
वार्ड पार्षद योगेंद्र प्रसाद साहू ने कहा कि विभागीय लापरवाही की खामियाजा गुमला शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है. मजबूरन आंदोलन के लिये बाध्य होना होगा. वार्ड पार्षद कृष्णा राम ने कहा कि पीएचइडी विभाग की लापरवाही से गुमला की जनता सप्लाई पानी से वंचित है. वार्ड पार्षद मुमताज गुड्डू ने कहा कि लोग जिला बनने के बाद से सप्लाई पानी के लिये तरस रहे हैं. लेकिन अभी तक पानी नहीं मिला है. अनिल यादव ने कहा कि पीएचइडी विभाग जलापूर्ति का काम जल्द पूरा करे. जिससे लोगों को सप्लाई पानी मिल सके. शीला टोप्पो ने कहा कि शहर के लोग हर गरमी में पानी से जूझते हैं. इस बार भी परेशानी हुई. अभी समय है. विभाग जल्द काम पूरा करें.
