गुमला. गुमला में रामनवमी के आयोजन के बाद शहर में उत्सव का माहौल मंगलवार की देर रात भी जारी रहा. केंद्रीय महावीर मंडल समिति की ओर से अस्त्र-शस्त्र चालन प्रदर्शन और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें रामनवमी जुलूस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न क्लबों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में शहर के अलग-अलग इलाकों से आये क्लबों ने हिस्सा लिया. इस दौरान अनुशासन, आकर्षण और प्रस्तुति के आधार पर सर्वश्रेष्ठ झांकियों और प्रदर्शन का चयन कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. पूरे आयोजन में पारंपरिक उत्साह और भक्ति का रंग साफ झलक रहा था. इस वर्ष 2026 की रामनवमी झांकी में मालवीय नगर करौंदी के पवन संघ ने अपनी अनोखी प्रस्तुति से सबका दिल जीत लिया. संघ द्वारा छत्रपति संभाजी महाराज (छावा) की वीर गाथा को झांकी के रूप में जीवंत तरीके से प्रदर्शित किया गया, जिसे दर्शकों के साथ-साथ निर्णायकों ने खूब सराहा. पवन संघ की इस प्रभावशाली प्रस्तुति को केंद्रीय महावीर मंडल समिति गुमला द्वारा सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक जागरूकता और एकता को बढ़ावा देते हैं. पवन संघ के सभी सदस्यों को इस उपलब्धि के लिए लोगों ने बधाई व शुभकामनाएं दी.
पवन संघ की झांकी को मिला सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार
गुमला में रामनवमी के बाद सम्मान समारोह का आयोजन
