गुमला. शहर की सड़कों पर लंबे समय से नो एंट्री नियम की धज्जियां उड़ाने वाले भारी मालवाहक वाहनों पर अब प्रशासन का डंडा चलना शुरू हो गया है. शहर में जाम व हादसों के बढ़ते खतरे के बीच सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. बुधवार को शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान नो-एंट्री के समय में शहर में घुसने वाले कई बड़े ट्रकों को पकड़ा गया. सभी वाहनों को जब्त कर परिवहन विभाग के हवाले कर दिया गया. कार्रवाई के बाद ट्रक चालकों व मालिकों में हड़कंप मच गया है. थाना प्रभारी खुद पूरे मामले पर नजर बनाये हुए हैं. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के साथ-साथ थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी की जा रही है, ताकि कोई भारी वाहन चोरी-छिपे शहर में प्रवेश न कर सके. गौरतलब है कि प्रशासन ने सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक लगा रखी है. इसके बावजूद अब तक कई वाहन चालक शॉर्टकट के चक्कर में नियमों को दरकिनार कर शहर के अंदर प्रवेश कर रहे थे, जिससे मेन रोड, सिसई रोड, लोहरदगा रोड और पालकोट रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है. स्कूल, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई बार तो एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाएं भी जाम में फंस जाती है. अब पुलिस की सख्ती के बाद उम्मीद जतायी जा रही है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधरेगी और लोगों को जाम व दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी. प्रशासन ने कहा है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जायेगा.
शहर में नो एंट्री का पालन नहीं करनेवालों पर कार्रवाई शुरू
शहर में नो एंट्री का पालन नहीं करनेवालों पर कार्रवाई शुरू
