गुमला. जिला पेंशनर समाज गुमला की बैठक समाज के जिलाध्यक्ष महेश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में हुई. बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पेंशनधारकों के कम्यूटेशन की राशि निर्धारित समयावधि बीतने के बाद भी बैंकों द्वारा कटौती किये जाने पर नाराजगी जताते हुए इसे बैंक प्रबंधन की लापरवाही बताया गया. पेंशनधारकों ने रोष जताते हुए कहा कि कम्यूटेशन की राशि 15 वर्ष तक ही काटे जाने का प्रावधान है. लेकिन इसके बाद भी कटौती जारी है. इस कारण पेंशनरों को बैंकों में अनावश्यक भाग-दौड़ करना पड़ रहा है. समाज के सचिव महावीर प्रसाद मिश्र ने 70 साल की आयु पार कर चुके बुजुर्गों के लिए आरंभ किये गये केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी वय: वंदना योजना की चर्चा करते हुए पेंशनभोगियों से तत्संबंधी कार्ड बनवा लेने का आग्रह किया. बताया कि यह योजना बुजुर्गों के स्वास्थ्य रक्षा के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है. केंद्र सरकार द्वारा अभी जनवरी माह से बढ़ोतरी होने वाले महंगाई भत्ता की घोषणा नहीं की गयी है, जबकि महंगाई शिखर पर है. इस दिशा में प्रस्ताव पारित कर महंगाई भत्ता की घोषणा अविलंब किये जाने की मांग केंद्र सरकार से की गयी. समाज की सदस्यता ग्रहण करने वाले नये सदस्यों बिशुनपुर प्रखंड के सुधेश्वर, रुदू, अनास्तासिया, रेणुका, टेरेसा, फिलिप, बंधन, एमरेनसिया व तारामणि एवं पालकोट प्रखंड के बालेश्वर राम का स्वागत किया गया. बैठक के अंत में पेंशनर समाज के सिसई प्रखंड सदस्य राम उरांव के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी गयी.
तय समय बीतने के बाद कम्यूटेशन राशि की कटौती से आक्रोश
जिला पेंशनर समाज गुमला की बैठक
