घाघरा (गुमला) : घाघरा थाना क्षेत्र के जिलिंगसिरा ग्राम में शुक्रवार की रात अपराधियों ने दो युवकों कुशल उरांव (20) व बुद्धदेव उरांव (22) की टांगी से गला रेत कर हत्या कर दी. अपराधियों ने पहले दोनों युवकों के हाथ पीछे कर बांध दिये. फिर गला रेत कर मार डाला. पुलिस ने शक के आधार पर चरकू उरांव व एक महिला छंदईन देवी को हिरासत में लिया है.
नशे में धुत चरकू उरांव ने समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कुछ भी नहीं बताया था, जबकि शराब विक्रेता महिला छंदईन देवी से भी पुलिस को ठोस जानकारी नहीं मिली है. आशंका व्यक्त की जा रही है कि आपसी रंजिश के कारण दोनों युवकों की हत्या की गयी है.
खेत से मिले दोनों के शव : घटना के संबंध में कुशल उरांव के पिता बेले उरांव ने बताया कि कुशल, बुद्धदेव, जयप्रकाश व चरकू गांव में ही चंद्रेश लोहरा के घर विवाह समारोह में जाने की बात कह घर से निकले थे. शनिवार की सुबह पता चला कि कुशल व बुद्धदेव की हत्या कर दी गयी है. दोनों शव खेत में पड़े मिले. कुशल उरांव नौवीं कक्षा की पढ़ाई छोड़ कर अपने पिता बेले उरांव के साथ बढ़ई का कार्य करता था. दोहरे हत्याकांड के बाद जिलिंगसिरा ग्राम में दहशत है. ग्रामीण अपने घरों से नहीं निकल रहे हैं. हत्याकांड के संबंध में पूछताछ करने पर ग्रामीणों ने पूरी तरह से अनिभिज्ञता प्रकट की है.
