पाट क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करें : डीसी

सीएसआर से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक

गुमला. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक सोमवार को समाहरणालय सभागार में हुई. बैठक में विभिन्न विभागों व हिंडाल्को कंपनी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. समीक्षा में उपायुक्त ने हिंडाल्को के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि टीबी उन्मूलन अभियान के तहत जरूरतमंदों के बीच टीबी किट का वितरण सुनिश्चित किया जाये. उपायुक्त ने पाट क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने एवं इस संबंध में पीएचइडी को नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने जिन क्षेत्रों में स्कूल बस की आवश्यकता है, वहां हिंडाल्को द्वारा स्कूल बस की व्यवस्था करने के निर्देश दिये. विशेष रूप से अमतीपानी क्षेत्र में स्कूल बस शुरू करने एवं विद्यालयों में बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने व जर्जर भवनों की मरम्मत कराने के लिए निर्देशित किया. इसके अलावा उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने, जरूरतमंद नागरिकों के बीच सिलाई मशीन वितरण करने व दिव्यांगों के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. बैठक में मुख्य रूप से उपविकास आयुक्त गुमला दिलेश्वर महतो, सिविल सर्जन गुमला डॉक्टर शंभूनाथ चौधरी, जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉक्टर अरुण कुमार सिंह समेत संबंधित पदाधिकारी, कर्मी व हिंडालको कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >