गुमला. गुमला थाना के सिलम ढलान के समीप सोमवार को सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गये. घायलों में जितेंद्र सिंह (35), सुषमा देवी (25), ममता देवी (29), प्रतिमा देवी (32), मोना देवी (50) और पार्वती देवी (30) के रूप में हुई है. सभी घायल लक्ष्मण नगर के रहने वाले हैं. जानकारी के अनुसार टुकटुक में चालक समेत सभी लोग जलावन की लकड़ी चुनने के लिए सिलम जंगल जा रहे थे. इस दौरान सिलम ढलान के पास सामने से आ रही बोलेरो (ओआर-16डी-6030) से उनकी टुकटुक की भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टुकटुक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर कर घायल हो गये. बताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन में सात लोग सवार थे. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को सड़क से उठा कर तत्काल सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया, जहां डॉ पीसीके भगत ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है.
सड़क दुर्घटना में तीन घायल
गुमला. बिशुनपुर थाना के रेहलदाग गांव निवासी पैरो देवी, उनके पुत्र संतोष साहू और साढ़े तीन वर्षीय मासूम बच्ची आरोही कुमारी सोमवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गये. पैरो देवी अपने बेटे और बेटी के साथ अपने मायके लापुंग बैरटोली गयी थी. सोमवार की सुबह लगभग सात बजे सिसई थाना के बरगांव के समीप अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया. ग्रामीणों व पुलिस के सहयोग से घायलों को सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है.
