ऑनलाइन साड़ी रिफंड के नाम पर 48 हजार रुपये की ठगी

सरिता रानी कच्छप के खाते से ठगों ने उड़ाये पैसे, पति की सूझबूझ से बचे 50 हजार रुपये

गुमला. शहर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन साड़ी खरीदने के बाद रिफंड प्रक्रिया के दौरान एक महिला को भारी चपत लगी. रश्मि नगर निवासी सरिता रानी कच्छप के अनुसार, ठगों ने उनके खाते से देखते ही देखते 48 हजार रुपये निकाल लिए. जानकारी के अनुसार सरिता रानी ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट से एक साड़ी मंगायी थी. साड़ी पसंद न आने पर उन्होंने उसे रिफंड करने की प्रक्रिया शुरू की. इस दौरान उनके मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को कस्टमर केयर का अधिकारी बता कर रिफंड पूरा करने के लिए ओटीपी मांगा. महिला ने ओटीपी साझा किया और तभी उनका फोन असामान्य व्यवहार करने लगा. फोन बार-बार वाइब्रेट करने लगा और कई ऐप अपने आप खुलने लगे. इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, उनके बैंक खाते से 48 हजार रुपये निकाल लिये गये. घबराई महिला ने तुरंत अपने पति को बुलाया. पति की सूझबूझ से खाते में बची लगभग 50 हजार रुपये की राशि तुरंत दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी गयी. घटना के बाद सरिता रानी ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी और गुमला थाना पहुंच कर लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. लोगों से अपील: घटना ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया है. साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि किसी प्रकार का ओटीपी, बैंक डिटेल या निजी जानकारी अंजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए, चाहे वह खुद को किसी कंपनी का अधिकारी ही क्यों न बताये. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से साइबर अपराध रोकने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी ठगी से लोगों को बचाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >