डुमरी(गुमला) : डुमरी थाना के समीप स्थित नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र डुमरी टू बाहरी लोगों का आश्रय स्थल बन गया है. ज्ञात हो कि जजर्र भवन में आंगनबाड़ी केंद्र एक सौ रुपये मासिक किराये पर संचालित किया जा रहा है. नये आंगनबाड़ी भवन में निवास करने वाले लोगों ने बताया कि नवाडीह चौक से डुमरी तक बन रहे सड़क निर्माण कार्य के दस कर्मी इस भवन में रहते हैं.
कर्मियों ने कहा कि भवन के पीछे निवास करने वाले ग्रामीण के कहने पर इस भवन में निवास कर रहे हैं. इस संबंध में आंगनबाड़ी सेविका मधुबाला देवी से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो संपर्क नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका है. वहीं इस संबंध में पर्यवेक्षिका चंपा रानी रवि ने बताया कि भवन निर्माण के बाद विभाग द्वारा हैंड ओवर नहीं किया गया है. संवेदक से कार्य कराने का पैसा लेन देन नहीं होने को लेकर जमीन मालिक द्वारा भवन पर कब्जा जमा लिया गया है.
कार्यालय की ओर से कई बार कब्जा हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन नहीं हटाया जा सका. इसकी लिखित सूचना जिला कार्यालय को दे दी गयी है. पंचायत मुखिया पुष्पा उराइंन ने कहा कि इसकी जानकारी मुङो प्राप्त है. मगर सेविका के लिखित शिकायत नहीं करने से कार्रवाई नहीं की जा रही है. शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.
