प्रेमनगर के लोग लो वोल्टेज से परेशान, पंखे व कूलर बने शोपीस

जल्द समस्या से निजात नहीं मिली, तो आंदोलन करने को होंगे बाध्य

चैनपुर. प्रखंड के प्रेमनगर के लोग लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं. लो वोल्टेज के कारण क्षेत्र में पंखे व कूलर शोपीस बन गये हैं. हालात ऐसे हैं कि एक मोबाइल फोन चार्ज करना भी मुश्किल हो गया है. सबमर्सिबल पंप नहीं चलने से लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है. विभाग की इस अनदेखी से सैकड़ों घरों के लोग दिन-रात पसीने से तरबतर रहने को मजबूर हैं. बताया जा रहा है कि इस पूरी परेशानी की मुख्य वजह इलाके का छोटा ट्रांसफाॅर्मर है. ट्रांसफार्मर पर क्षमता से कई गुना अधिक लोड दे दिया गया है. लोगों ने कई बार विभाग से एक अतिरिक्त या बड़ा ट्रांसफाॅर्मर लगाने की गुहार लगायी है. लेकिन विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही. स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग का काम सिर्फ समय पर बिजली बिल भेजना और पैसे वसूलना रह गया है. जनता किस हाल में जी रही है, इससे उन्हें कोई मतलब नहीं है. प्रेमनगर के लोगों ने बताया कि कभी एक फेज में वोल्टेज रहता है, तो दूसरे में जीरो रहता है. परेशानी में बिजली कर्मचारियों को फोन करने पर वे बहानेबाजी करते हैं. यदि बहुत मिन्नतों के बाद विभागीय कर्मचारी आ भी जाते हैं, तो समस्या ठीक करने के नाम पर 250 से 500 रुपये तक की मांग करते हैं. मजबूरी में प्राइवेट मिस्त्री बुला कर 250-300 रुपये देकर फेज चेंज कराना पड़ता है. लोगों का कहना है कि जल्द लो वोल्टेज की समस्या से निजात नहीं मिली, तो सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >