गुमला : रविवार को गुमला की धरती मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और भारत माता की जयकारों से गुंजायमान रहा. अवसर था, बजरंग दल के शौर्य दिवस का. गुमला में बजरंग दल का शौर्य दिवस भक्तिमय माहौल, उत्साह, उमंग व जोश के बीच मनाया गया. इस अवसर पर लगभग 2000 बाइक पर हजारों की संख्या में बजरंग दल, विहिप (विश्व हिंदू परिषद) और अभाविप (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के युवाओं ने बाइक रैली निकाली.
भगवा वस्त्र व झंडे के साथ शहर में युवाओं की निकली रैली के कारण गुमला शहर भी भगवा रंग में रंगा नजर आया. रैली में शामिल युवा भगवान श्रीराम और भारत माता की जयकारा लगाते चल रहे थे. रैली को लेकर सबसे पहले युवाओं का मिलन गुमला शहर के परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में हुआ. जहां एक ही नारा एक ही नाम, जय श्रीराम-जय श्रीराम, रामराज की कर लो तैयारी, आ गये हैं भग्वाधारी, भारत माता की जय के उदघोष के साथ युवाओं का जत्था शहर में निकला.
जो जशपुर रोड, पटेल चौक, मेन रोड, टावर चौक, पालकोट रोड में डुमरडीह तक गया. फिर वहां से घाटो बगीचा गली होते हुए सिसई रोड पर निकला और छठ तालाब होते हुए पुन: टावर चौक पहुंच कर थाना रोड होते हुए लोहरदगा रोड से निकल कर माता अंजनी के पुत्र भगवान हनुमान की जन्मस्थली आंजनधाम पहुंचा.
जहां युवाओं ने माता अंजनी के गोद में विराजमान बाल हनुमान की पूजा की और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया. वहीं आंजनधाम मंदिर परिसर में बजरंग दल द्वारा भव्य भंडारा का आयोजन किया गया. जहां रैली में शामिल युवाओं सहित आंजन ग्राम के ग्रामीणों ने भी भंडारा का प्रसाद ग्रहण किया.
जुलूस में शामिल लोग
जुलूस में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष किशुन उरांव, जिलामंत्री विश्वनाथ विश्वकर्मा, संगठन मंत्री कन्हैया लाल, संयोजक मुकेश सिंह, बजरंग दल के प्रदेश संयोजक दीपक ठाकुर, मीडिया प्रमुख प्रियेश राव, स्वामी शिव चैतन्य ब्रह्मचारी, अशोक त्रिपाठी,अमित पोद्दार, शशिप्रिया बंटी, केशव सिंह, संजय सिंह, अनिल सिंह, उत्तम कुमार, सूर्या कुमार, पंकज वर्मा, अविनाश कुमार, पवन कुमार, मृत्युंजय सिंह, शुभम सिंह, नितेश शंकर, प्रताप सिंह, केशव कुमार, मनोज वर्मा, रवि यादव, अमन आनंद सिंह, अभिमन्यु पासवान, राजेश राम, सौरभ गुप्ता, सच्चिदानंद गोप, बबलू वर्मा सहित हजारों युवा शामिल थे.
