प्रखंड के पीपरा पंचायत अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बाराबांध में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को सुबह लगभग 11 बजे अपने स्कूल के सामने गांधीग्राम परसपानी मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए आवाजाही अवरुद्ध कर दी. छात्र-छात्राओं ने बताया कि मुख्य मार्ग से डीबीएल कंपनी के वाहन दिन-रात दौड़ लगाते रहते हैं, जिससे धूलकण उड़ता है और उनका पढ़ाई पर असर पड़ता है. उन्होंने आरोप लगाया कि डीबीएल कंपनी सड़क पर पानी नहीं देती, जिसके कारण धूलकण की समस्या बनी रहती है. इसके अलावा, स्कूल में चहारदीवारी भी नहीं होने से समस्या और बढ़ जाती है. छात्रों ने कहा कि कई बार डीबीएल कंपनी के पदाधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इस दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं की गयी, जिससे उन्हें सड़क पर आवाजाही अवरुद्ध करने का विकल्प अपनाना पड़ा. इधर, सड़क पर अवरुद्ध आवाजाही की सूचना मिलने के बाद डीबीएल कंपनी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को आश्वस्त किया कि सड़क पर पानी छिड़ककर धूलकण की समस्या दूर की जाएगी. इसके बाद ही छात्र-छात्राओं ने सड़क पर आवाजाही सुचारू की.
पीपरा पंचायत के छात्रों ने सड़क पर किया आवाजाही अवरुद्ध
धूलकण से परेशान होकर प्राथमिक विद्यालय बाराबांध के छात्र-छात्राओं ने जतायी नाराजगी

पीपरा पंचायत के छात्रों ने सड़क पर किया आवाजाही अवरुद्ध