भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के दूसरे दिन के सत्र में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू का कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय का कारगिल चौक पर संथाली नृत्य के साथ स्वागत किया गया और उन्हें भाजपा जिला कार्यालय तक लाया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया. सत्र के प्रारंभ में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने केंद्र की मोदी सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं गरीबी से उठकर देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचा हो, वह गरीबों की पीड़ा को भली-भांति समझ सकता है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि जब तक देश के गरीबों का समुचित विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार की चिंता गरीबों के आवास, बिजली, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भोजन जैसी बुनियादी आवश्यकताओं को लेकर है. साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को भूखा न रहना पड़े, इसके लिए अनेक योजनाएं चलायी जा रही हैं. महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया गया है.
गरीबों की पीड़ा को भली-भांति समझते हैं नरेंद्र मोदी : आदित्य साहू
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के दूसरे दिन का सत्र सम्पन्न
