सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल

हंसडीहा-भागलपुर हाइवे पर तिलाटांड के पास हुआ हादसा

पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसडीहा-भागलपुर मुख्य मार्ग (एनएच-114) पर शनिवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया. मृतक की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के भोरिया गांव निवासी लगभग 42 वर्षीय चंद्रशेखर यादव के रूप में की गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शाम लगभग 5 बजे की है. चंद्रशेखर यादव अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से हंसडीहा की ओर से बौंसी जा रहे थे. इसी दौरान तिलाटांड गांव के समीप एनएच-114 पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गयी. सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे के कारण संतुलन बिगड़ने से बाइक सहित वे सीधे गड्ढे में जा गिरे. हादसा इतना गंभीर था कि सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. घटना में उनके साथ सवार दिनेश यादव घायल हो गये, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट भेजा गया है. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पोड़ैयाहाट थाना को सूचना दी. कुछ स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक चंद्रशेखर यादव की मौत हो चुकी थी. सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बुलेट को भी जब्त कर लिया है. थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि घटना की सूचना हंसडीहा थाना को दे दी गयी है तथा परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >