गोड्डा में गंदा पानी से स्कूल बना तालाब, 3 घंटे सड़क पर बैठे छात्र

नाला बंद होने से स्कूल परिसर में भरा गंदा पानी. छात्रों के विरोध के बाद प्रशासन ने शुरू कराई सफाई, पर अतिक्रमणकारियों ने रोका काम. आगे की चेतावनी.

प्रतिनिधि, मेहरमा : बलबड्डा थाना क्षेत्र स्थित राम सुंदर राम प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्रों ने नाला बंद होने के कारण स्कूल के मुख्य गेट और परिसर में गांव का गंदा व बदबूदार पानी घुसने के विरोध में करीब तीन घंटे तक बलबड्डा मुख्य मार्ग जाम रखा. बारिश के बीच छात्र नाला सफाई और स्कूल परिसर में गंदा पानी जाने से रोकने की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए. इससे दोनों ओर वाहनों का परिचालन ठप रहा.

नाला बंद, स्कूल परिसर बना जलभराव का शिकार

विद्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर कई वर्ष पूर्व बने नाले से गांव के पानी का निकास होता था. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले तीन-चार वर्षों से कुछ दुकानदारों और ग्रामीणों ने नाले को बंद कर उसके ऊपर अतिक्रमण कर शेड बना लिया है. नाला पूरी तरह बंद होने के कारण गांव का गंदा और बदबूदार पानी स्कूल परिसर में जमा हो रहा है. छात्रों को इसी गंदे पानी से होकर स्कूल आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.

जनप्रतिनिधियों से गुहार के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

छात्रों का आरोप है कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन इसके बावजूद नाले की सफाई और पानी की निकासी की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लगातार परेशानी झेलने के बाद छात्रों ने सड़क जाम कर अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया.

यह भी पढ़ें:

गोड्डा में गंदे पानी की शिकायत करना भाइयों को पड़ा भारी: पड़ोसी ने एक का सिर फोड़ा तो दूसरे पर फेंका तेजाब

जेसीबी लेकर पहुंचे अधिकारी, शुरू कराई सफाई

सड़क जाम की सूचना पर बीडीओ अभिनव कुमार, बीपीओ अजीत कुमार सिंह, सीआई लोकनाथ गोंड और जिप सदस्य प्रतिनिधि अरुण कुमार राम मौके पर पहुंचे. छात्रों ने स्पष्ट कहा कि जब तक नाले की सफाई शुरू नहीं होगी, जाम नहीं हटाया जाएगा. इसके बाद बीडीओ ने जेसीबी मंगाकर सफाई का काम शुरू कराया. काम शुरू होने के बाद छात्रों ने जाम हटाया.

अधिकारी लौटे तो अतिक्रमणकारियों ने रुकवाया काम

सड़क पर बैठे छात्रों को समझाते अधिकारी.| Prabhat Khabar Network

बीडीओ के प्रखंड मुख्यालय लौटने के बाद कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध जताते हुए जेसीबी को वहां से हटा दिया. उनका कहना था कि बिना नोटिस दिए उनके घर के सामने गड्ढा क्यों किया जा रहा है. इसके बाद नाले की सफाई का काम रुक गया.

जेसीबी हटाए जाने की जानकारी मिलने के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई. छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि रविवार तक नाले की सफाई नहीं कराई गई तो सोमवार को दोबारा सड़क जाम कर धरना दिया जाएगा.

क्या कहते हैं बीडीओ

बीडीओ अभिनव कुमार ने कहा कि सरकारी नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित लोगों को नोटिस भेजा जाएगा. शुक्रवार को मजदूर लगाकर नाले की सफाई कराई जाएगी, ताकि स्कूल परिसर में गंदा पानी नहीं जाए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nirabh kishor

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >