पोड़ैयाहाट. अंचल कार्यालय में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गयी. आग लगते ही कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, कर्मचारियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ी क्षति होने से बच गयी.
रिकॉर्ड रूम के पास तार में हुई स्पार्किंग
जानकारी के अनुसार, रिकॉर्ड रूम के पास बिजली के तार में अचानक स्पार्किंग हुई. देखते ही देखते वहां से धुआं उठने लगा. आग की जानकारी मिलते ही कार्यालय कर्मियों ने तत्काल फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल कर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया.
घटना की सूचना दमकल विभाग को भी दी गयी. हालांकि, दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही अंचल कार्यालय के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. इससे आग को फैलने से रोक लिया गया.
महत्वपूर्ण सरकारी रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित
अंचल अधिकारी ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने के कारण कोई बड़ी क्षति नहीं हुई है. आग से कुछ फर्नीचर और दीवारें आंशिक रूप से जल गयी हैं. राहत की बात यह है कि कार्यालय के महत्वपूर्ण दस्तावेज, जमीन से जुड़े राजस्व रजिस्टर, कंप्यूटर और अन्य सरकारी रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित हैं.
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. आग पर समय रहते काबू पाने से कार्यालय में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. अंचल कर्मियों ने बिजली विभाग को सूचना देकर पूरे कार्यालय की वायरिंग और फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच कराने के निर्देश दिये. हैं.
