SIR जनसुनवाई का जायजा लेने पोड़ैयाहाट पहुंचे प्रमंडलीय आयुक्त, डाटा एंट्री में लापरवाही पर चेताया

प्रमंडलीय आयुक्त ने पोड़ैयाहाट में मतदाता सूची की जनसुनवाई का निरीक्षण कर डाटा एंट्री की समीक्षा की. पारदर्शिता और निष्पक्षता पर ज़ोर दिया. जानें पूरी खबर.

पोड़ैयाहाट : संथाल परगना के प्रमंडलीय आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल मंगलवार को शाम करीब 4 बजे पोड़ैयाहाट प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रही जनसुनवाई का निरीक्षण किया.

दावे-आपत्तियों और लंबित मामलों की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय में चल रही जनसुनवाई की प्रक्रिया का जायजा लिया. उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से अब तक प्राप्त दावे-आपत्तियों, निष्पादन की स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी ली. उन्होंने आम लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना.

इस दौरान उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू और अंचल अधिकारी अमित किस्कू से पूरी जानकारी ली. अधिकारियों ने उन्हें बताया कि SIR के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य तेजी से चल रहा है. नए मतदाताओं को जोड़ने, मृत व डबल नामों को हटाने और त्रुटियों में सुधार के लिए लगातार जनसुनवाई की जा रही है.

डाटा एंट्री कार्य की भी की समीक्षा

आयुक्त ने विशेष रूप से डाटा एंट्री कार्य की समीक्षा की. उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटरों के पास जाकर देखा कि एंट्री का कार्य किस गति से हो रहा है और इसमें किसी प्रकार की तकनीकी समस्या तो नहीं आ रही है. उन्होंने निर्देश दिया कि डाटा एंट्री में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो और सभी प्रविष्टियां समय पर पूरी की जाएं. कार्य में लापरवाही न बरतने की चेतावनी भी दी.

पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य का निर्देश

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अयोग्य नाम सूची में न रहे. उन्होंने कहा कि यह कार्य लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

जनसुनवाई में सुविधाओं का रखें ध्यान

आयुक्त ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान आने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए. उनके बैठने, पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाए.

निरीक्षण के दौरान प्रखंड कल्याण अधिकारी संदीप कुमार, गौतम ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे. आयुक्त के आगमन को लेकर प्रखंड मुख्यालय में गहमागहमी बनी रही.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >