प्रतिनिधि, गोड्डा
गोड्डा जिले के सुदूरवर्ती एवं पहाड़िया बहुल सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में ब्रेन मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. बुधवार तड़के जीतपुर गांव की आठ वर्षीय एक बच्ची को गंभीर अवस्था में गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. गंभीर रूप से बीमार बच्ची की पहचान सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव निवासी गणेश मड़ैया की आठ वर्षीय पुत्री लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी पिछले दो दिनों से तेज बुखार और सिरदर्द से पीड़ित थी. बुधवार तड़के उसकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गयी और वह बेहोश हो गयी.
सदर अस्पताल में चल रहा बच्ची का इलाज
इसके बाद परिजन उसे तत्काल गोड्डा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची ब्रेन मलेरिया से संक्रमित है. चिकित्सकों के अनुसार संक्रमण का असर मस्तिष्क तक पहुंचने के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. उसे आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकों की विशेष टीम की निगरानी में उपचार किया जा रहा है तथा आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं दी जा रही हैं.
क्षेत्र में लगातार आ रहे ब्रेन मलेरिया के मामले
सुंदरपहाड़ी क्षेत्र में लगातार ब्रेन मलेरिया के मामले सामने आने से स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जनजातीय एवं दूरदराज के इलाकों में नियमित फॉगिंग, मच्छरदानी वितरण, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा जनजागरूकता अभियान पर्याप्त रूप से नहीं चलाए जा रहे हैं, जिसके कारण मलेरिया का संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ रही है.
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सिविल सर्जन से प्रभावित गांवों में विशेष चिकित्सा दल भेजकर घर-घर स्वास्थ्य जांच कराने, कीटनाशक का छिड़काव कराने तथा मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की है, ताकि बीमारी के प्रसार पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके.
ये भी पढ़ें...
Dhanbad SIR: धनबाद में मतदाताओं की प्रारूप सूची जारी, शाम चार बजे तक बूथों पर देख सकेंगे अपना नाम
धनबाद में टला बड़ा हादसा: शांति भवन के मीटर रूम में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
