पोड़ैयाहाट से रवि ठाकुर की रिपोर्ट
Poreyahat Mukhiya Firing News: पोड़ैयाहाट के मुखिया अनुपम भगत उर्फ लड्डू पर जानलेवा हमले के विरोध में शुक्रवार को पोड़ैयाहाट के ग्रामीणों ने सुबह सांकेतिक जुलूस निकाला और शाम को मशाल जुलूस निकाला. एक दिन पहले मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के पास मुखिया पर दिनदहाड़े दो राउंड फायरिंग की गई थी. हालांकि मुखिया बाल-बाल बच गए थे, लेकिन इस घटना से गुस्साए लोगों ने अपराधियों के एनकाउंटर और फांसी की सजा की मांग को लेकर मुख्य बाजार की सड़कों पर मार्च किया.
‘फांसी दो, फांसी दो’ के नारों से गूंजा बाजार
शुक्रवार सुबह सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और दुकानदार हाथों मे ढोल लेकर सड़कों पर उतरे. जुलूस मुख्य बाजार के सभी प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरा. पूरे बाजार में “अपराधियों को फांसी दो, फांसी दो” और “एनकाउंटर करो, एनकाउंटर करो” के नारे गूंजते रहे. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मुखिया अनुपम भगत पर हमला सोची-समझी साजिश है. मुखिया वर्ष 2024 के चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं. उन्होंने कोर्ट में जाकर आरोपियों के खिलाफ गवाही दी थी. गवाही देने के बाद ही उन्हें निशाना बनाया गया जिससे वे आगे गवाही न दे सकें. ग्रामीणों ने कहा कि गवाहों पर हमला सीधे न्याय व्यवस्था पर हमला है.
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक नामजद तीनों आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होता और उन्हें फांसी की सजा नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. एक ग्रामीण ने कहा कि मुख्य बाजार में दिनदहाड़े गोली चल रही है. आज मुखिया जी बच गए, कल कोई और मारा जाएगा. वहीं देर शाम को मसाल जुलूस भी निकल गया उसमें काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया.
प्रशासन मुस्तैद, छापेमारी जारी
जुलूस और धरने को देखते हुए पूरे पोड़ैयाहाट में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. थाना ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है. फिलहाल पूरे पोड़ैयाहाट में तनाव का माहौल है. मुखिया के घर और मुख्य बाजार में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 24 घंटे में गिरफ्तारी के साथ साथ आर्म्स बरामद नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन बाजार बंद और उग्र आंदोलन किया जाएगा. एक अभियुक्त नयन यादव ने घटना के 10 मिनट के अंदर थाना में आत्मसमपर्ण कर दिया था.
क्या कहते हैं मुखिया?
इधर मुखिया अनुपम भगत उर्फ लड्डू भगत ने कहा कि सूचना मिली है कि घटना में शामिल आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, मगर हथियार जब तक बरामद नहीं होता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान: जमशेदपुर के टॉपर्स के बीच पहुंचे प्रशासनिक दिग्गज, DC ने दिया सफलता का मंत्र
यह भी पढ़ें: Bokaro: विवाहिता की मौत के बाद हंगामा, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
यह भी पढ़ें: Bokaro: न OTP आया न ही लिंक दबाया, फिर भी 1.92 लाख गंवाया, अब लगाने पड़ रहे थाने के चक्कर
