गोड्डाः जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने करीब 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार का एक युवक भी शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कठौन निवासी पंकज मंडल, सरौनी बाजार निवासी सूरज चालक और बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़वा रामपुर गांव निवासी कुणाल कुमार के रूप में हुई है.
मंगलवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 3 अगस्त 2026 को नगर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर कुछ संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे.
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गयी. प्रारंभिक जांच में पुलिस को इनके अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े होने के संकेत मिले हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
मोटरसाइकिल भी जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं. इस मामले में गोड्डा नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, सदर पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, नगर थाना प्रभारी दिनेश महली, नाफिस प्रभारी मनोहर कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद साहा, सड़क सुरक्षा प्रभारी मनीष कुमार यादव सहित नगर एवं मुफस्सिल थाना के पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
