महागामा: प्रखंड कार्यालय सभागार में ''सबकी योजना, सबका विकास'' अभियान के तहत ग्राम पंचायतों के वीएलइ का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ. इसमें महागामा व मेहरमा प्रखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आये वीएलइ ने भाग लिया. इस दौरान उन्हें पंचायत विकास योजनाओं के निर्माण तथा ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गयी. मास्टर ट्रेनर अनूप कुमार मिश्र व मनीष आनंद ने ग्राम पंचायतों के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) से जुड़ी नौ प्रमुख थीमों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पंचायतों के समग्र विकास के लिए इन्हीं विषयों को आधार बनाकर योजनाएं तैयार की जानी हैं, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल सके. प्रशिक्षकों ने योजनाओं के ऑनलाइन पंजीकरण, डेटा इंट्री तथा निर्धारित पोर्टल पर समयबद्ध एवं त्रुटिरहित अपलोड की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया. उन्होंने कहा कि इससे योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी में पारदर्शिता बनी रहेगी. प्रशिक्षण के दौरान वीएलइ की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा ऑनलाइन कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के निराकरण की भी जानकारी दी गयी. प्रखंड समन्वयक मोहम्मद अनीस अकरम, मोहम्मद शकील अख्तर एवं बीएम पंकज कुमार ने कहा कि सरकार ग्राम पंचायतों को सशक्त, आत्मनिर्भर और डिजिटल बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है. डिजिटल माध्यम से योजनाओं के संचालन से पारदर्शिता बढ़ेगी, कार्यों की नियमित निगरानी संभव होगी तथा ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा.
पंचायत विकास योजनाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया की दी गयी जानकारी

48 प्रशिक्षण प्राप्त करते वीएलई | Prabhat Khabar Network
Copied link
महागामा में सबकी योजना, सबका विकास अभियान के तहत वीएलई को पंचायत विकास योजनाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया और डेटा एंट्री का प्रशिक्षण दिया गया।